अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, चार वाहन जब्त
दुर्ग /.वन मंडल दुर्ग द्वारा दिनांक 23 एवं 24 फरवरी 2026 को अवैध काष्ठ परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए चार वाहनों को जब्त किया गया है। प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर वन मंडलाधिकारी दुर्ग के निर्देशन तथा उप वन मंडलाधिकारी के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल एवं दुर्ग परिक्षेत्र के वन अमले की संयुक्त टीम द्वारा विशेष रात्रि गश्त अभियान चलाया गया।
यह विशेष अभियान 23 फरवरी की रात्रि से लेकर 24 फरवरी की प्रातः 03 बजे से 06 बजे तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से काष्ठ परिवहन करते हुए कुल चार वाहनों को पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों में क्रमांक सीजी-10सी-3389, सीजी-08 एल-3736, सीजी-04 जेसी-9290 तथा सीजी-04 एमएफ-6945 शामिल हैं।
जांच के दौरान सभी वाहन अवैध लकड़ियों से लदे पाए गए, जिन्हें विधिवत जब्त कर पुलगांव एवं पाटन स्थित वन डिपो में सुरक्षित रखा गया है।
वन अपराध प्रकरण दर्ज, कड़ी कार्रवाई प्रारंभ
इस संबंध में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 79/11 दिनांक 23 फरवरी 2026 तथा 91/3, 91/4, 91/5 दिनांक 24 फरवरी 2026 दर्ज कर लिए गए हैं। वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध काष्ठ परिवहन एवं वन संपदा की तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार की सघन कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


