ग्राम पंचायत घोठा में नल में टुल्लु पंप (मिनी वाटर पंप)लगाकर पानी खिंच रहे ग्रामीणों का 2 दर्जन से अधिक पंप को पंचायत प्रतिनिधियों ने किया जप्त

हेमंत उमरे/ दुर्ग जिला के विकासखंड धमधा के ग्राम पंचायत घोठा में पिछले कुछ महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल का संकट और भी विकराल हो गया है। अधिकतर हैंडपंप और कुएं सूख चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणो ने बताया कि कुछ लोग अवैध रूप से पाइपलाइन व नल मे टुल्लू पंप लगाकर पानी निकाल रहे थे, जिससे आम लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच पुरेंद्र पटेल, विक्रांत पटेल और उनके साथियों ने मोर्चा संभाला और मिलकर गांव के हर मोहल्ले में जाकर अवैध रूप से चल रही पाइपलाइन व नल में लगे मोटर कनेकशन को निकाला।
प्रशासन से मांग - स्थायी समाधान और नियमित जलापूर्ति हो
सरपंच पुरेंद्र पटेल ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में
शीघ्र ही स्थायी जल स्रोत विकसित किया जाए और टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामवासियों की पीड़ा
पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत के बाद भी अवैध जल दोहन पर रोक नहीं लगाई गई। अब ग्राम पंचायत द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। वहीं आज दो दर्जन से अधिक पंप को पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा जप्त किया गया है इस कार्यवाही से कुछ लोगों में आक्रोश भी देखा गया है।
आगे की योजना
ग्राम पंचायत द्वारा अवैध जल दोहन पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

