रायपुर में गूंजी केसीजी की आवाज, स्काउट-गाइड गतिविधियों का रखा मजबूत पक्ष
खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी बैठक रायपुर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के जिला मुख्य आयुक्तों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, युवा नेतृत्व विकास, सेवा गतिविधियों के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का प्रतिनिधित्व जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने किया। उन्होंने जिले में संचालित स्काउट-गाइड गतिविधियों, युवाओं को संगठन से जोड़ने के प्रयासों तथा विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी राज्य नेतृत्व के समक्ष रखी। बैठक में विद्यालयों में स्काउटिंग के विस्तार, युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाजोपयोगी कार्यों को बढ़ावा देने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान भागवत शरण सिंह ने राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा "गोल्डी" से सौजन्य भेंट कर जिले की भावी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। राज्य मुख्य आयुक्त ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन का उद्देश्य सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बैठक में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान भी हुआ। जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स युवाओं में सेवा भावना, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैठक में आजीवन सदस्य कमलेश्वर सिंह, विकासखंड सचिव सुनील गुनी एवं युवा समाजसेवी उत्तम दशरिया भी उपस्थित रहे। केसीजी जिले की सक्रिय भागीदारी और प्रस्तुत सुझावों को राज्य स्तर पर सकारात्मक रूप से सराहा गया।


