ठेल्का चौक बना हादसों का हॉटस्पॉट, एक हफ्ते में 8 सड़क दुर्घटनाएं क्षेत्र में दहशत
हेमंत उमरे/ धमधा क्षेत्र का ठेल्का चौक इन दिनों सड़क हादसों का बड़ा हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। बीते एक हफ्ते में यहां लगातार 8 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रही हैं।
मंगलवार सुबह एक और बड़ा हादसा सामने आया, जब कोयला से लदी 10 चक्का गाड़ी अछोली मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान बचा ली।
इससे पहले सोमवार को भी धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग स्थित ठेलका चौक में सड़क दुर्घटना हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि यह पूरा इलाका अब दुर्घटना-प्रभाव क्षेत्र बन चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, मोड़ों पर चेतावनी संकेतों की कमी और सड़क सुरक्षा उपायों का अभाव इन हादसों की बड़ी वजह है। खासकर ठेल्का चौक और अछोली मोड़ जैसे स्थानों पर भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण जोखिम और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि इन हादसों पर लगाम लगाई जा सके।
अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह हादसों का सिलसिला और भी भयावह रूप ले सकता है।


