सरपंच ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन,स्कूल और आंगनबाड़ी में दिया नेवता भोज, जन्मदिन के अवसर पर रोपे गए पेड़

धमधा, 4 अप्रैल 2026 – धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव में सरपंच भीखम साहू ने एक अनूठी पहल शुरू की है। वे गत वर्ष से अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाते आ रहे हैं और इस वर्ष भी बच्चों के साथ मनाने पर विशेष जोर दिया।
आज जन्मदिन के उपलक्ष्य में सरपंच साहू द्वारा नवागांव के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में कक्षा 1 से 8 तक के सभी बच्चों के लिए खीर-पूड़ी का नेवता भोज आयोजित किया गया। सभी बच्चों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही सरपंच ने अपने जन्मदिन पर पेड़ लगाने पर भी बल दिया।
आज प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला भवन नवागांव में प्रार्थना के समय बच्चों ने सरपंच को बधाई दी। शाला प्रांगण में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सरपंच के इस सराहनीय कदम का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सरपंच ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में भी बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन मनाया और सभी बच्चों को नेवता भोज वितरित किया।
इस अवसर पर सरपंच भीखम साहू ने कहा – “जन्मदिन बच्चों के साथ मनाने में अलग ही खुशी मिली। मैं चाहूंगा कि हर जनप्रतिनिधि, जनसेवक और इच्छुक व्यक्ति अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाए और अपने जन्मदिन के अवसर पर एक पेड़ अवश्य लगाए।”
सरपंच की इस पहल से ग्राम में शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश गया है।


