सिद्धि माता मंदिर से मन्नत पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर
बकरे की बली के बाद पिकअप पलटी, 22 घायल
धमधा - प्रसिद्ध सिद्धि माता संडी मंदिर से मन्नत पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप सहसपुर देवकार (धमधा) के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुल 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम मंडला से करीब दो दर्जन ग्रामीण सिद्धि माता के दरबार में बकरे की बली चढ़ाकर लौट रहे थे। वापसी के दौरान तेज रफ्तार पिकअप अचानक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
धमधा बीएमओ डॉ. रचना अग्रवाल ने पुष्टि की कि सभी घायलों का इलाज जारी है। तीन घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ को जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी।
सुबह जहां माता के जयकारे गूंज रहे थे, वहीं शाम तक अस्पतालों में चिंता का माहौल दिखा।


