छिंदारी बांध में दर्दनाक हादसा नहाने गए 3 लड़कों में से 17 वर्षीय बालक डूबा,तालास जारी
खैरागढ़ जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में आज दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी बुलाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुईखदान निवासी तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के उद्देश्य से छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों जलाशय में नहाने के लिए उतर गए। नहाते-नहाते वे गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे जलाशय के अधिक गहरे हिस्से में पहुंच गए।
इसी दौरान तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। हालांकि, दो युवक किसी तरह संघर्ष करते हुए बाहर निकलने में सफल रहे । लेकिन उनके साथ मौजूद लक्ष्य पाल (17 वर्ष) पिता संजय पाल निवासी छुईखदान गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं पाया
घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार जलाशय की अधिक गहराई और पानी की स्थिति को देखते हुए विशेष बचाव दल एसडीआरएफ को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद आधुनिक उपकरणों की मदद से दोबारा सघन खोज अभियान चलाया जाएगा।

