सरपंच ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, स्कूल और आंगनबाड़ी में दिया नेवता भोज, जन्मदिन पर रोपे पौधे
धमधा, 4 अप्रैल 2026 – धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव के सरपंच श्री भीखम साहू ने मानवता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। सरपंच साहू गत वर्ष से अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने जन्मदिन का उत्सव बच्चों के साथ मनाने पर जोर दिया।
जन्मदिन के अवसर पर सरपंच साहू द्वारा ग्राम नवागांव के प्राथमिक शाला व माध्यमिक शाला में कक्षा 1 से 8 तक के सभी बच्चों के लिए खीर-पूड़ी का नेवता भोज आयोजित किया गया। बच्चों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी।
प्रार्थना सभा के समय शाला पहुंचे सरपंच का बच्चों ने पुष्पगुच्छ व बधाई गीतों से स्वागत किया। उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सरपंच के इस अनुकरणीय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सरपंच साहू ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1- पहुंचकर वहां के बच्चों के साथ भी जन्मदिन मनाया और सभी बच्चों को नेवता भोज वितरित किया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सरपंच ने अपने जन्मदिन के अवसर पर शाला प्रांगण में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर सरपंच भीखम साहू ने कहा – _“जन्मदिन बच्चों के साथ मनाने में अलग ही खुशी मिली। मैं चाहूंगा कि हर जनप्रतिनिधि, जनसेवक और इच्छुक व्यक्ति अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाए और जन्मदिन के अवसर पर एक पेड़ अवश्य लगाए।”_
सरपंच की इस पहल से गांव में शिक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश गया है


