महामाया मंदिर परिसर में विवाद पर विराम, थाना प्रभारी राम नारायण ध्रुव बने मध्यस्थ

हेमंत उमरे/धमधा नगर के ऐतिहासिक त्रिमूर्ति महामाया मंदिर से लगे प्राचीन परिसर में नवरात्रि के दौरान दीप प्रज्वलन को लेकर उपजा विवाद प्रशासनिक पहल के बाद शांत हो गया है। परंपरा और अधिकार को लेकर समाज के दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिससे तनाव की स्थिति बनने लगी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बैठक बुलाई, जिसमें एसडीएम सोनल डेविड, एसडीओपी डॉ. चित्रा वर्मा और थाना प्रभारी राम नारायण ध्रुव सहित समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दीप प्रज्वलन प्रशासन की ओर से किया जाएगा।
पंचमी के दिन थाना प्रभारी राम नारायण ध्रुव ने स्वयं विधि-विधान से दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्र सहित पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।


